धान खरीदी केंद्र के लिए 20 साल से तरस रहे मन्हाकाल के किसान,60 किमी का सफर तय कर धान भेजने को मजबूर
दुर्गूकोंदल।विकासखंड कोयलीबेड़ा के ग्राम मन्हाकाल में धान खरीदी केंद्र नहीं होने से क्षेत्र के 14गांवों के लोगों को 60किमी दूर चक्कर लगाकर धान खरीदी केंद्र चारगांव पहुंचकर धान बेचना पड़ रहा है। इस कारण ग्रामीण अपने उपज को बेचने के लिए पिछले 20साल से आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान रहते हैं। ग्रामीण धान बेचने के लिए सुविधा हो इसलिए वर्ष 2021 से सांसद, विधायक, कलेक्टर , एसडीएम के दफ्तरों का चक्कर काट रहे हैं। लेकिन आश्वासन अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ। इसी बेबसी के कारण पिछले 20साल से यहां के ग्रामीण धान पैदावार कर बेचने के 60किमी का सफर तय कर रहे हैं।
सरपंच ग्राम पंचायत छोटेबोदेली केदूराम पोटाई, ग्राम पटेल बिकेश ध्रुव, असऊराम ध्रुव, कारजी हुपेंडी, सनीराम नरेटी, सुकचंद पटेल ने बताया कि हमारा धान खरीदी केंद्र ग्राम चारगांव में है, पिछले 20सालों यहां धान बेचते हैं, लेकिन 3बड़े नदी हैं। इन नदियों में पानी रहने के कारण धान बेचने के लिए दुर्गूकोंदल, दियागांव, मंडागांव, नवागढ़, भैंसासुर होते हुए चारगांव खरीदी केंद्र जाना पड़ता है। लगभग 55-60किमी सफर तय करने के बाद ही धान बेच पाते हैं। बृजलाल हुर्रा ग्राम मन्हाकाल, बलीराम उसेंडी ग्राम मांझीकुरूसबोड़ी, उमराव गावड़े ग्राम पटेल कतरूकुरूसबोड़ी, सोनसाय गावड़े ग्राम पटेल हेतले ने बताया चारगांव हमारे गांव से 20-25किमी दूरी पर है, लेकिन 3बड़े नदियों के कारण इस रास्ते से धान बेचने ले जाना संभव नहीं है। मजबूरवश धान बेचने के लिए 3-4हजार रूपये खर्च कर 55-60किमी सफर तय कर दूसरे मार्ग से घूमकर चारगांव खरीदी केंद्र में धान बेचते हैं। मन्हाकाल खासपारा 73, मन्हाकाल संतरईपारा 19, मांझीकुरूसबोड़ी पटेलपारा 54, मांझीकुरूसबोड़ी स्कूलपारा, 24, मांझीकुरूसबोड़ी सड़कपारा 56, मांझी नदीकच्छार 20, छोटेबोदेली 79, पोरोहकाल 53, कतरूकुरूसबोड़ी 68, हेतले 62, एनहूर 76, लोहारी 42 किसान हैं, राजस्व पट्टा 395 और भू-अधिकार पट्टा 296 है। इन पट्टेधारी किसानों को पिछले 20साल से धान बेचने के लिए भटकना पड़ रहा है। इन्होंने बताया कि किसी तरह बारिश के पूर्व खाद, बीज ले लेते हैं, लेकिन धान बेचने के लिए 55-60किमी सफर करने के बाद ही धान बेचना संभव होती है। जिससे हम सभी 14गांव के किसान परेशान हैं। हम लगातार 5साल से धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग कर रहे हैं, फिर भी सांसद, विधायक, कलेक्टर, एसडीएम हमारी आवेदन निवेदन को सुनकर भी अनदेखी कर रहे हैं। इन्होंने कहा कि 10दिवस के भीतर धान खरीदी केंद्र मन्हाकाल में नहीं खुली तो खरीदी केंद्र खोलने की मांग को लेकर दुर्गूकोंदल में चक्काजाम करेंगे।

0 Comments