*ग्राम चिखली में पंचायत स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ भव्य समापन*
*आलोर की टीम विजेता बनी, संगम उपविजेता रहा*
दुर्गूकोंदल। ग्राम चिखली में आयोजित तीन दिवसीय पंचायत स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 23 टीमों ने भागीदारी की। फाइनल मुकाबले में रोमांचक खेल का प्रदर्शन करते हुए आलोर की टीम ने विजय प्राप्त की जबकि संगम की टीम उपविजेता रही।कार्यक्रम के समापन अवसर पर भूतपूर्व सरपंच संदेर सिंह उसारे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। यह न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है बल्कि टीम वर्क, नेतृत्व कौशल और खेल भावना का भी विकास करता है। खेलों से आत्मविश्वास बढ़ता है और तनाव कम होता है। प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने और नई रणनीतियाँ बनाने के लिए प्रेरित करती हैं। यही गुण जीवन में सफलता के लिए आवश्यक कई सामाजिक और व्यक्तिगत कौशल प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तरीय इस प्रकार की प्रतियोगिताएं ग्रामीण अंचल के युवाओं में प्रतिभा को निखारने और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का उत्कृष्ट माध्यम है। इससे न केवल युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है बल्कि ग्रामवासियों में आपसी एकता और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मैनुराम गावड़े ने की। वहीं प्रमुख अतिथियों में रामप्रसाद तेता, चैनुराम गावड़े और मानुराम कोवाची मंचासीन रहे। विशेष अतिथि के रूप में कड़ियामी ध्रुव, दुर्जन दर्रो, राजेश गोटा, बिसरू तेता, मंगलराम गावड़े, बृजलाल मंडावी, विष्णु कोवाची, सुनील तेता, तिजलाल यादव, मंतु ध्रुव, नवीन टेकाम सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में ग्राम चिखली के समस्त ग्रामवासी एवं समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीम को स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

0 Comments