लोकेशन बालोद
संजय कुमार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी वर्ष यात्रा पर बालोद में घर-घर संपर्क अभियान
बालोद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की संगठन एवं सेवा यात्रा के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बालोद नगर में घर-घर संपर्क अभियान चलाया गया। सदर रोड, बर्तन लाइन सहित नगर के वार्ड क्रमांक 9 और 10 में संघ कार्यकर्ताओं द्वारा भारत माता की तेलचित्र फोटो एवं संघ पत्रक का वितरण किया गया।
वितरण के दौरान कई परिवारों ने संघ के प्रति अपने विचार व्यक्त किए। परिवारजनों ने कहा कि संघ राष्ट्रहित, निःस्वार्थ सेवा और अनुशासन की प्रेरणा समाज के सामने प्रस्तुत करता है। कुछ परिवारों ने यह भी बताया कि उनके घर के सदस्य संघ से जुड़े हुए हैं और संघ की विचारधारा से भली-भांति परिचित हैं। भारत माता की फोटो और पत्रक प्राप्त कर परिवारों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पंच परिवर्तन अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्व आधारित जीवन तथा नागरिक कर्तव्य बोध को लेकर जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बालोद नगर में यह संपर्क अभियान संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में संघ के बालोद नगर संघचालक श्री संतोष दुबे, नगर कार्यवाह श्री छगन यादव, विहिप मातृशक्ति बाल संस्कार केंद्र प्रमुख श्रीमती पूजा जैन, विहिप मातृ शक्ति पुनिता मिश्रा, बालोद बाल मंदिर की अध्यापिका एवं विहिप मातृशक्ति श्रीमती रानी योगी, समाजसेविका श्रीमती उमा यादव तथा आशा दीदी उपस्थित रहीं।
विहिप जिला बाल संस्कार केंद्र प्रमुख श्रीमती पूजा जैन ने कहा कि संघ की दृढ़ देशभक्ति एवं श्रेष्ठ संस्कारों से प्रेरित विचारधारा राष्ट्र को विश्वगुरु बनाने की दिशा में मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि “शुरुआत हर घर से होगी, तभी समाज बदलता है, और समाज बदलेगा तो ही भारत सशक्त और श्रेष्ठ राष्ट्र बन पाएगा।”

0 Comments