*खंड शिक्षा अधिकारी विप्लव कुमार डे ने प्राथमिक शाला गुमड़ीडीह का किया आकस्मिक निरीक्षण*
दुर्गूकोंदलl विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी विप्लव कुमार डे ने सोमवार अपराह्न लगभग 3:40 बजे शासकीय प्राथमिक शाला गुमड़ीडीह का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शाला का संचालन ग्रामीण शिक्षित युवक भागीराम सिन्हा द्वारा स्वप्रेरणा से किया जा रहा था, जो पूर्व में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्य कर चुके हैं और सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों को अध्यापन प्रदान कर रहे थे। श्री सिन्हा ने अधिकारी को अवगत कराया कि प्रधान पाठक राकेश कुमार ठाकुर पिछले दो माह से चिकित्सीय अवकाश पर हैं तथा सहायक शिक्षक सोमसाय कोमरा बीएलओ कार्य से सुबह शाला आकर चले गए। सूचना पंजी में कोई प्रविष्टि नहीं थी और समन्वयक से फोन पर पूछताछ करने पर उन्हें स्थिति की जानकारी नहीं होने की बात कही गई। ग्राम के एक निवासी ने ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति होने की जानकारी दी तथा अधिकारी ने सामने स्थित बीएसएफ कैंप में जाकर भी चर्चा की।श्री डे ने शाला संचालन की दोनों स्थितियों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा जांच पूरी होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने और दोष सिद्ध होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए। शाला में 54 नामांकित विद्यार्थियों में से 48 उपस्थित थे। अधिकारी ने स्वयं विद्यार्थियों से संवाद कर शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया, अध्यापन गुणवत्ता सुधार के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया तथा सभी को बिस्किट पैकेट वितरित किए, जिससे बच्चे उत्साहित हुए और खुलकर बातचीत की। उन्होंने भागीराम सिन्हा की बिनावेतन-पारिश्रमिक के समर्पित सेवा की सराहना की।बीईओ ने सभी शिक्षकों को बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित न रहने, शिक्षकविहीन होने पर तत्काल संकुल समन्वयक या प्राचार्य के माध्यम से सूचित करने तथा जिम्मेदार शिक्षक को दायित्व सौंपने के निर्देश दिए। निरीक्षण में शाला भवन, स्वच्छता, मध्याह्न भोजन तथा दैनिक शैक्षणिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया गया। शाला प्रबंधन को भवन रंगरोगन समयबद्ध पूरा करने, पाठ्यक्रम क्रमबद्ध अध्यापन सुनिश्चित करने, मध्याह्न भोजन गुणवत्ता पर निगरानी रखने, दैनंदिनी नियमित संधारण व प्रधान पाठक द्वारा सत्यापन करने तथा प्रार्थना सभा में समूह गान, प्रश्नोत्तर सत्र व वाचन गतिविधियां अनिवार्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए गए।प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नवोदय, एकलव्य आदर्श तथा प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षाओं हेतु कोचिंग और अभ्यास की व्यवस्था करने, शाला परिसर स्वच्छ रखने तथा किचन गार्डन विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

0 Comments