*बीएसएफ ने दुर्गूकोंदल में आयोजित किया लंगर कार्यक्रम, सामाजिक एकता और सामुदायिक सौहार्द का दिया संदेश*
दुर्गूकोंदल।178वीं वाहिनी, सीमा सुरक्षा बल, दुर्गकोंदल में 05 नवंबर को सामुदायिक सौहार्द एवं सेवा की भावना को बढ़ावा देने हेतु लंगर कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन कार्यवाहक कमांडेंट श्री शैलेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बटालियन के अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी, जवानों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस अवसर पर उप समादेष्टा श्री गुरु चरण सिंह, डॉ. रवि कुमार (मेडिकल ऑफिसर, 178वीं वाहिनी), निरीक्षक प्रहलाद यादव (थाना दुर्गूकोंदल) तथा निरीक्षक अच्युत चंद तिवारी (थाना बड़गांव) सहित अन्य सम्मानित अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपनी उपस्थिति और सहभागिता के माध्यम से सामाजिक एकता, सहयोग और सामुदायिक सद्भाव का संदेश दिया।कार्यक्रम का आरंभ धार्मिक भजन, कीर्तन और सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ।भजन-कीर्तन ने वातावरण को आध्यात्मिक और शांतिमय बना दिया। इसके पश्चात उपस्थित सभी व्यक्तियों को लंगर प्रसाद वितरित किया गया। लंगर में स्थानीय नागरिकों और बल के कार्मिकों ने प्रेम, समानता और बंधुत्व की भावना के साथ एकसाथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। इससे यह संदेश स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ कि सेवा, सद्भाव और समरसता ही समाज में स्थायी एकता का आधार हैं।
कार्यवाहक कमांडेंट श्री शैलेंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन सुरक्षा बल और स्थानीय समुदाय के बीच पारस्परिक विश्वास और सहयोग को मजबूत करते हैं। यह केवल भोजन करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एकता, भाईचारा, सद्भाव और राष्ट्र सेवा की सोच को मजबूत करने,काअवसर है।
उन्होंने आगे कहा कि सीमावर्ती एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सीमा सुरक्षा बल केवल सुरक्षा का कार्य ही नहीं करता, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और मानवता आधारित गतिविधियों के माध्यम से समुदाय का भरोसा और संबंध भी मजबूत करता है।कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की अखंडता, आपसी सहयोग और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के संकल्प के साथ किया गया।


0 Comments