कराकी में कथित धर्मांतरण को लेकर तनाव, ग्रामीणों ने कोडेकुर्से थाने का घेराव कर सौंपा ज्ञापन
प्रलोभन देने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप, निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग
दुर्गूकोदल। विकासखंड दुर्गूकोदल अंतर्गत ग्राम कराकी के ग्रामीणों ने कथित रूप से प्रलोभन देकर जबरन धर्म परिवर्तन कराने के मामले में थाना कोडेकुर्सी में आवेदन देकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। ग्रामवासियों की ओर से सरपंच जवाहर ठाकुर, रामलाल जैन, नरेंद्र कुमार रजमन कोवाची सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण थाना प्रभारी कोडेकुर्सी के समक्ष उपस्थित होकर ज्ञापन सौंपा गया।ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि दिनांक 22 जनवरी 2026 (गुरुवार) को ग्राम कराकी में शिवराम कोवाची के घर कथित रूप से इसाई धर्म से संबंधित प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी। आरोप है कि इस दौरान आसपास के गांवों में प्रचार किया जा रहा था तथा आपत्तिजनक व अपमानजनक शब्दों का प्रयोग भी किया गया। ग्रामवासियों के अनुसार सूचना मिलने पर वे समझाइश देने संबंधित स्थान पर पहुंचे, जहां कथित तौर पर कुछ व्यक्तियों द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी की गई।आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्थिति की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस टीम को संबंधित व्यक्तियों को सौंपा गया। इसके पश्चात दिनांक 25 जनवरी 2026 (रविवार) को ग्राम में बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिवराम कोवाची द्वारा मूल धर्म में लौटने का निर्णय लेने की बात कही गई। ग्रामीणों के अनुसार बैठक में सभी को आमंत्रित किया गया था, किंतु कुछ आरोपी बताए गए व्यक्ति बैठक में उपस्थित नहीं हुए।
ग्रामीणों ने आगे आरोप लगाया कि बाद में गाली-गलौज एवं मारपीट के झूठे आरोप लगाए गए, जिससे गांव का माहौल बिगड़ने की आशंका बनी हुई है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि ग्राम कराकी पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में आता है और ग्रामवासी पारंपरिक सामाजिक एवं धार्मिक व्यवस्थाओं से जुड़े हुए हैं। कथित गतिविधियों से गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है।समस्त ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उक्त नामजद व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे। थाना प्रभारी कोडेकुर्सी द्वारा आवेदन प्राप्त कर जांच का आश्वासन दिया गया है।

0 Comments