मझवानी। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर ग्राम मझवानी में बेलगहना चौकी पुलिस द्वारा झंडा यात्रा निकाली गई। चौकी प्रभारी ब्यास नारायण बनाफर के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ, गांव के वरिष्ठ नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।
झंडा यात्रा के दौरान गांव की गलियों में देशभक्ति का संदेश देते हुए तिरंगा फहराया गया। छात्र-छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों के साथ लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत की। पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर बेलगहना चौकी पुलिस द्वारा साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस ने छात्र-छात्राओं को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, अज्ञात व्यक्तियों के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी।
पुलिस ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, फर्जी कॉल एवं ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचने के आवश्यक उपायों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
गांव के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया, कार्यक्रम मे वरिष्ठ नागरिकों के साथ छात्र-छात्राओं, पुलिस स्टाफ एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही। झंडा यात्रा के माध्यम से जहां देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया, वहीं साइबर जागरूकता अभियान के जरिए लोगों को बदलते डिजिटल दौर में सतर्क और सुरक्षित रहने का संदेश मिला।



0 Comments