Ticker

6/recent/ticker-posts

BALRAMPUR: दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय पहल नवटोली और खामियां में स्वास्थ्य शिविर लगाकर 124 लोगों का ईलाज मौसमी बीमारियों से बचाव, सर्पदंश उपचार, स्वास्थ शिक्षा देकर बढ़ाई जागरूकता

 दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय पहल नवटोली और खामियां में स्वास्थ्य शिविर लगाकर 124 लोगों का ईलाज मौसमी बीमारियों से बचाव, सर्पदंश उपचार, स्वास्थ शिक्षा देकर बढ़ाई जागरूकता


बलरामपुर, कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार तथा जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में वर्षा ऋतु के दौरान संभावित बीमारियों की रोकथाम एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिले के दुर्गम एवं पहुंच विहीन क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।



इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सेक्टर सामरी अंतर्गत ग्राम नवटोली में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में वर्षा ऋतु के दौरान होने वाली मौसमी बीमारियों के बचाव एवं उपचार के संबंध में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को सर्पदंश की स्थिति में तत्काल अस्पताल पहुंचकर उपचार कराने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर के दौरान आयुष्मान कार्ड एवं एमसीडी कार्ड भी बनाया गया तथा दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य शिक्षा दी गई। शिविर में कुल 60 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।


इसी प्रकार टाटीझरिया क्षेत्र के ग्राम खामियां में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जहां 64 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। शिविर में रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की गई। गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को आयरन एवं फोलिक एसिड की दवाओं का वितरण किया गया। साथ ही सर्दी, खांसी एवं बुखार से पीड़ित मरीजों का उपचार कर आवश्यक दवाएं प्रदान की गई। ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल से संपर्क करने की सलाह दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र के सभी कुओं एवं ढोड़ियों का जल शुद्धीकरण भी किया गया, ताकि वर्षा ऋतु में जलजनित रोगों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।


उल्लेखनीय है कि कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिले के सभी दुर्गम एवं संवेदनशील क्षेत्रों में वर्षा पूर्व स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा इन गतिविधियों की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि जन-जन तक समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।

Post a Comment

0 Comments