बेलगहना। सहकारिता के सिद्धांतों, मूल्यों एवं ग्रामीण विकास की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से कृषि उपज मंडी कार्यालय बेलगहना में सहकारी सप्ताह के अंतर्गत ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भरता एवं सामूहिक विकास के संदेश को प्रमुखता से रखा गया।
इस अवसर पर मंडी अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष (ग्रामीण) राजेश कश्यप, मंडी प्रबंधक लतीफ खान, साधु कश्यप, नरेश प्रधान, गुरबचन सिंह,रुपेश, जोंटी, रोहित, युवा कृषक व पत्रकार राम प्रताप सिंह,मंडी कर्मचारी एवं क्षेत्र के कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ध्वजारोहण के साथ सहकारिता गीत का सामूहिक गायन भी किया गया।
कार्यक्रम उपरांत आयोजित बायलाज वाचन में सहकारी समिति की उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी साझा की गई। बताया गया कि समिति द्वारा अब तक 212 कृषकों को 1 करोड़ 1 लाख 79 हजार रुपये की नगद साख शून्य ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया गया है। वहीं 454 किसानों को 24 लाख 89 हजार 756 रुपये का वस्तु ऋण प्रदान किया गया है।
इसके साथ ही जानकारी दी गई कि 1 जुलाई से धान खरीदी प्रारंभ होने तक नवीन कृषक पंजीयन कार्यक्रम संचालित किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक किसान योजनाओं का लाभ ले सकें।
सहकारी सप्ताह के अंतर्गत आगामी कार्यक्रमों में 3 जुलाई को वृक्षारोपण अभियान तथा 4 जुलाई को स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि “सहकार से समृद्धि” केवल एक नारा नहीं बल्कि किसानों, ग्रामीणों और समाज के सामूहिक विकास का सशक्त माध्यम है।





0 Comments