Ticker

6/recent/ticker-posts

BALRAMPUR: डायल-112 की तत्परता से टला बड़ा हादसा एनीकट में डूब रहे युवक की बचाई गई जान, स्थानीय युवक की बहादुरी...

 डायल-112 की तत्परता से टला बड़ा हादसा एनीकट में डूब रहे युवक की बचाई गई जान, स्थानीय युवक की बहादुरी...


बलरामपुर,रामानुजगंज के एनीकट में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब नहाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूबने लगा। स्थानीय युवक की बहादुरी और डायल-112 पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बचा ली गई। घटना के बाद एनीकट परिसर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार सुबह करीब 8 बजे झारखंड के गढ़वा जिले के भंडारिया निवासी मनोहर एनीकट पहुंचा। बताया जाता है कि वह पहले कुछ देर तक एनीकट के किनारे नग्न अवस्था में व्यायाम करता रहा। इसके बाद वह नहाने के लिए पानी में उतर गया। एनीकट में पानी का बहाव तेज और गहराई अधिक होने के कारण वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। युवक को बचाने के लिए वह शोर मचाने लगा, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।


घटना की सूचना तत्काल डायल-112 को दी गई। सूचना मिलने के लगभग पांच मिनट के भीतर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय युवक मोहन दादा ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में छलांग लगा दी और डूब रहे युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक को बाहर निकालने के बाद उसकी हालत सामान्य नहीं थी। स्थानीय लोगों ने उसे एनीकट के किनारे लिटाकर प्राथमिक उपचार दिया, जिससे कुछ ही देर में उसकी स्थिति में सुधार होने लगा। इसके बाद डायल-112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई और स्थिति का जायजा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक की पहचान मनोहर, निवासी भंडारिया (झारखंड) के रूप में हुई है। समय रहते स्थानीय लोगों, विशेष रूप से मोहन दादा की बहादुरी और डायल-112 की तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने मोहन दादा के साहसिक कार्य और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की। बरसात के मौसम में एनीकट और नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने से ऐसे स्थानों पर नहाने या गहरे पानी में उतरने से बचने की सलाह प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा लगातार दी जाती रही है।

Post a Comment

0 Comments