मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य योजना से मिला नया जीवन, किसान ने जताया आभार।
बलरामपुर जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत पस्ता के रहने वाले 62 वर्षीय किसान श्री राजेन्द्र प्रसाद को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील पहल 'मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना' से नया जीवन मिला है। मल्टीपल मायलोमा जैसी गंभीर और दुर्लभ बीमारी से पीड़ित राजेन्द्र प्रसाद के महंगे इलाज के लिए इस योजना के तहत ₹15 लाख की वित्तीय सहायता स्वीकृत की गई, जिससे उनका सफल उपचार संपन्न हो सका है।
साधारण परिवार से संबंध रखने वाले राजेन्द्र प्रसाद को कुछ समय पूर्व इस गंभीर बीमारी का पता चला था। शुरुआती इलाज में अपेक्षित सुधार न होने पर वे बालको मेडिकल सेंटर, रायपुर पहुंचे, जहां जांच में उन्हें कैंसर होने की पुष्टि हुई। इस गंभीर बीमारी और महंगे इलाज का खर्च उठाना उनके परिवार के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया था। इसी दौरान जिला अस्पताल में उन्हें मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी मिली और उन्होंने आवेदन किया, जिसके बाद उनके उपचार के लिए ₹15 लाख की सहायता राशि स्वीकृत की गई। इस राशि की मदद से विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका सफल इलाज पूरा हुआ।
अब पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी रहे राजेन्द्र प्रसाद ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस योजना ने उन्हें नया जीवन दिया है और यह जरूरतमंदों के लिए आशा की किरण बनी हुई है। गौरतलब है कि राज्य में गंभीर एवं दुर्लभ बीमारियों के महंगे इलाज से राहत देने के लिए शुरू की गई इस योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को अधिकतम ₹25 लाख तक की सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना से अब तक बलरामपुर जिले के 104 लोग लाभान्वित हो चुके हैं

0 Comments