Ticker

6/recent/ticker-posts

BALRAMPUR: जंगल से सागौन लट्ठा चोरी कर ले जा रहे पति-पत्नी ने वन रक्षक पर किया जानलेवा हमला, दोनों गिरफ्तार

 जंगल से सागौन लट्ठा चोरी कर ले जा रहे पति-पत्नी ने वन रक्षक पर किया जानलेवा हमला, दोनों गिरफ्तार

बलरामपुरः जंगल से सागौन की लकड़ी चोरी कर ले जा रहे पति-पत्नी को रोकना वन रक्षक को भारी पड़ गया। रोकने पर आरोपियों ने वन रक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और सिर पर रखा सागौन का लट्ठा उसके ऊपर पटक दिया। हमले में वन रक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में रामानुजगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।


पुलिस के अनुसार, घटना 11 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5:45 बजे रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में वन वाटिका के पास हुई। वन रक्षक पिंटू मालाकारड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्हें एक महिला और पुरुष जंगल से सागौन का लट्ठा लेकर आते दिखाई दिए। वन रक्षक ने दोनों को रोककर लकड़ी के संबंध में पूछताछ की। पुलिस का आरोप है कि पूछताछ से नाराज होकरमनोज भुईया (32) और उसकी पत्नी मानमती भुईया (30) निवासी वार्ड क्रमांक 15 रामानुजगंज, ने वन रक्षक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों ने रास्ते से हट जाने की धमकी देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सिर पर रखा सागौन का लट्ठा वन रक्षक के ऊपर पटक दिया और उसके साथ मारपीट की। लट्ठे से हमला होने के कारण वन रक्षक पिंटू मालाकार के सिर में गंभीर चोट आई और वह बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी की रिपोर्ट पर थाना रामानुजगंज में अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 121(2), 132, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

Post a Comment

0 Comments