राजनांदगांव पुलिस
राष्ट्रीय ट्रायथलॉन प्रतियोगिता 2026 में भाग लेने जा रहे छत्तीसगढ़ ट्रायथलॉन दल को आईजी एवं एसपी ने दी शुभकामनाएं
राजनांदगांव पुलिस के आरक्षक एवं ट्रायथलॉन कोच कामता प्रसाद यादव के नेतृत्व में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगा छत्तीसगढ़ दल।
इंडियन ट्रायथलॉन फेडरेशन द्वारा 14, 15 एवं 16 अगस्त 2026 को शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पुणे (महाराष्ट्र)में विभिन्न आयु वर्गों—सब जूनियर, जूनियर, अंडर-23 एवं सीनियर (महिला एवं पुरुष) की राष्ट्रीय ट्रायथलॉन प्रतियोगिता-2026 आयोजित की जा रही है।
उक्त राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु 19 जुलाई 2026 को राजनांदगांव में आयोजित चयन प्रक्रिया के माध्यम से छत्तीसगढ़ राज्य ट्रायथलॉन दल का चयन किया गया, जो राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करेगा। दल के कोच राजनांदगांव पुलिस के आरक्षक कामता प्रसाद यादव हैं, जो खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
दिनांक 10 अगस्त 2026 को पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज, अजय कुमार यादव (भा.पु.से.) एवं पुलिस अधीक्षक, राजनांदगांव, सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे खिलाड़ियों एवं कोच आरक्षक कामता प्रसाद यादव से भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ का दल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य एवं राजनांदगांव पुलिस का नाम गौरवान्वित करेगा।
राजनांदगांव पुलिस ने समस्त खिलाड़ियों एवं कोच को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं शानदार प्रदर्शन की कामना की।

0 Comments