Ticker

6/recent/ticker-posts

BALRAMPUR: सरनाडीह शिविर में 93 आवेदन, कई का मौके पर निराकरण

 सरनाडीह शिविर में 93 आवेदन, कई का मौके पर निराकरण                                                              बलरामपुर। "सरकार आपके द्वार" की अवधारणा को साकार करते हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज से जिले में सेवा सेतु अभियान का शुभारंभ हुआ। इसी कड़ी में जनपद पंचायत बलरामपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत दलधोवा, केरता, कपिलदेवपुर एवं सरनाडीह के क्लस्टर का शिविर आदिम जाति कल्याण विभाग पूर्व माध्यमिक शाला सरनाडीह के प्रांगण में आयोजित किया गया, जिसमें आमजन अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे।




शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा। हितग्राहियों को ऋण पुस्तिका और आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, वहीं समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। गांवों को स्वच्छ रखने में उल्लेखनीय योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर में पीएम सूर्य घर योजना के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया, जहां वेंडरों ने स्टॉल लगाकर घरों की छत पर सोलर संयंत्र लगाने की प्रक्रिया और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। प्राप्त अंतिम जानकारी के अनुसार

शिविर में कुल 93 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि कर समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा लंबित प्रकरणों की कलेक्टर स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा होगी।

उल्लेखनीय है कि 01 से 07 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में जिले के सभी विकासखंडों में क्लस्टरवार शिविर आयोजित कर शासन की 26 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। सरनाडीह के अलावा आज विकासखंड शंकरगढ़ के रखतापारा दोहना, राजपुर के ग्राम पंचायत कोदिहा, वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत रघुनाथनगर, कुसमी के बाजारपारा करौंधा तथा रामचंद्रपुर के ग्राम पंचायत सनावल में भी शिविर आयोजित किए गए।

Post a Comment

0 Comments