जैतखाम निर्माण में बाधा का आरोप, न्याय की मांग लेकर एसडीएम कार्यालय में दिनभर बैठे ग्रामीण
संवाददाता - मंदीप चौरे
स्थान - खैरागढ़
जुरला कला के वार्ड 1 और 2 के अनुसूचित जाति वर्ग के 25 से 30 ग्रामीण सुबह 10 बजे पहुंचे थे कार्यालय, शाम 5 बजे तक एसडीएम के नहीं पहुंचने पर जताई नाराजगी; कलेक्टर को सौंप चुके हैं शिकायत
जैतखाम निर्माण रोकने का आरोप
खैरागढ़. ग्राम पंचायत जुरला कला के वार्ड क्रमांक 1 और 2 के अनुसूचित जाति वर्ग के ग्रामीणों ने दूसरे वार्ड के दो व्यक्तियों पर उनके वार्ड के विकास कार्यों में हस्तक्षेप करने और स्वीकृत जैतखाम निर्माण में बाधा डालने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के अनुसार वार्ड क्रमांक 1 में सतनाम भवन के सामने, नासिर अहमद के तालाब के पास खसरा नंबर 321/3 की शासकीय भूमि पर जैतखाम निर्माण स्वीकृत है। ग्रामीणों का कहना है कि वे सभी निर्माण के लिए सहमत हैं, लेकिन जागेश्वर साहू और दुमन साहू द्वारा इसका विरोध कर काम रुकवाने का प्रयास किया जा रहा है।
जातिगत अपमान और धमकी की शिकायत ग्रामीणों ने कलेक्टर को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि दोनों व्यक्ति वार्ड के कार्यों में लगातार हस्तक्षेप करते हैं और गांव में विवाद की स्थिति पैदा कर रहे हैं। शिकायत में अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को जातिगत आधार पर अपमानित करने, डराने-धमकाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सुबह 10 बजे से शाम तक इंतजार इसी मामले में एसडीएम कार्यालय में पेशी होने की बात कहकर करीब 25 से 30 ग्रामीण गुरुवार सुबह 10 बजे कार्यालय पहुंचे थे। ग्रामीणों का कहना है कि वे निर्धारित समय पर उपस्थित रहे, लेकिन शाम 5 बजे तक एसडीएम के नहीं पहुंचने के कारण उनकी सुनवाई नहीं हो सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण ढंग से कार्यालय के दरवाजे पर बैठकर इंतजार किया। दिनभर इंतजार के बाद भी सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने अपनी नाराजगी जताई।
पुलिस सुरक्षा में निर्माण कराने की मांग ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जागेश्वर साहू और दुमन साहू को वार्ड क्रमांक 1 के कार्यों में हस्तक्षेप करने से रोका जाए तथा स्वीकृत जैतखाम निर्माण कार्य को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराकर शुरू कराया जाए। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, एसडीएम, पुलिस अधीक्षक और तहसीलदार को भी भेजी गई है। ग्रामीणों में भोजराज, सालीराम, लछमन, टोमन, धनराज, भोलाराम, राकेश, मुकेश, संतराम और संतोष बंजारे सहित अन्य लोग शामिल थे।

.jpeg)


0 Comments