लोकेशन बालोद
संजय कुमार
लाटाबोड़ के किसानों ने लिया बड़ा फैसला — इस बार नहीं होगी धान की बोवाई
गिरते भू-जल स्तर और पेयजल संकट को देखते हुए दलहन, तिलहन और गन्ने की खेती को दी प्राथमिकता
लाटाबोड़ (संवाददाता):
ग्राम लाटाबोड़ के किसानों ने इस वर्ष रबी सीजन में धान की फसल नहीं लेने का बड़ा और दूरदर्शी फैसला लिया है। क्षेत्र में लगातार गिरते भू-जल स्तर और गर्मी के दिनों में उत्पन्न होने वाली पेयजल समस्या को देखते हुए यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
सोमवार सुबह ग्राम पंचायत भवन में आयोजित एक विशेष बैठक में किसानों, पंच-सरपंच और ग्रामवासियों ने भाग लिया। बैठक में गर्मी के दौरान जल संकट की गंभीर स्थिति पर विचार-विमर्श किया गया। सभी ने एकमत होकर तय किया कि इस वर्ष रबी में पानी की अधिक खपत वाली धान की फसल की जगह दलहन, तिलहन और गन्ना जैसी कम जल-आवश्यकता वाली फसलों की खेती की जाएगी।
बैठक में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं दंतेश्वरी सहकारी शक्कर कारखाना के क्षेत्रीय गन्ना अधिकारी भी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने किसानों को वैकल्पिक फसलों की खेती से संबंधित विस्तृत जानकारी दी तथा विशेष रूप से गन्ना उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया।
किसानों ने अधिकारियों से दलहन एवं तिलहन के बीजों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग भी रखी, ताकि आगामी बुवाई कार्य में कोई बाधा न आए।
इस निर्णय में सरपंच, पंच, कृषकगण और ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ग्रामीणों का यह सामूहिक प्रयास न केवल जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह अन्य जल संकटग्रस्त गांवों के लिए भी एक प्रेरणादायक मिसाल बन सकता है।

0 Comments