Cgvtv संवाददाता राम प्रताप सिंह की रिपोर्ट
पोड़ उपरोड़ा/पसान.....
कोरबा जिले के ग्राम लैंगी पंडोपारा और कोड़गार सोमवार को रंग-बिरंगे उत्साह और जोशीली आवाज़ों से गूँज उठे। वॉटर संस्था द्वारा HDB बैंक की निरांजली परियोजना अंतर्गत आयोजित पोषण माह विशेष कार्यक्रम में ग्रामीणों ने न सिर्फ भाग लिया बल्कि पोषण और सुपोषण का संदेश हर दिल तक पहुँचाया।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत सरपंच गायत्री के उद्बोधन से हुई, जिसमें उन्होंने कहा कि – “स्वस्थ शरीर और तेजस्वी दिमाग की नींव सही पोषण से ही रखी जाती है।” इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अहिल्या, मनीषा और सुषमा ने महिलाओं और किशोरियों को पौष्टिक आहार से जुड़े व्यावहारिक टिप्स बताए।
कार्यक्रम की खास झलक रही “तिरंगा भोजन” की जानकारी – जिसमें हरे रंग से हरी सब्जियों का महत्व, सफेद रंग से दूध-दही का पोषण और नारंगी रंग से दाल-अनाज-फल के लाभ को दर्शाया गया। बच्चों और किशोरियों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रंग-बिरंगी थालियों से संदेश दिया कि – “पोषण ही जीवन का असली धन है।”
गर्भवती और धात्री माताओं को विशेष रूप से जागरूक किया गया कि वे संतुलित आहार लेकर खुद को और आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ बना सकती हैं। इस दौरान शिक्षक और स्वास्थ्यकर्मियों ने भी बच्चों को जंक फूड से दूरी और घर के बने खाने का महत्व समझाया।
कार्यक्रम का संचालन राज शेखर ने किया, जिनका जोश और ऊर्जा पूरे समय मंच पर गूँजता रहा। उनके साथ नवीन बनकर, दीपक गोस्वामी, देवेंद्र बैरागी, शिव प्रसाद, राजेंद्र सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने भी यह संकल्प लिया कि गाँव के हर घर में सुपोषित भोजन का महत्व बढ़ेगा और हर बच्चा स्वस्थ और ऊर्जावान बनेगा।
कुल मिलाकर, यह आयोजन सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि पोषण क्रांति का संदेश लेकर आया, जिसने पूरे क्षेत्र को स्वास्थ्य और जागरूकता की नई दिशा दिखाई।



0 Comments