*दुर्गुकोंदल में तहसील साहू समाज एवं यादव समाज भवन का लोकार्पण*
*विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने की 5 लाख की टीन शेड निर्माण की घोषणा, समाज की एकता को बताया क्षेत्र की शक्ति*
दुर्गुकोंदल। स्थानीय तहसील मुख्यालय दुर्गुकोंडल में रविवार 2 नवंबर को तहसील साहू समाज दुर्गुकोंदल एवं तहसील यादव समाज दुर्गुकोंदल के नव-निर्मित समाजिक भवन का लोकार्पण समारोह बड़े ही गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती सावित्री मनोज मंडावी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।कार्यक्रम में पूर्व गौ सेवा आयोग सदस्य नरेंद्र यादव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शोपसिंह अचला, जनपद अध्यक्ष श्री गोपी बढ़ई, विधायक प्रतिनिधि हुमन मरकाम, ग्राम गायता बैजनाथ नरेटी, जनभागीदारी अध्यक्ष कंगलू कुम्हार (महाविद्यालय दुर्गुकोंदल), सविता उयके, केशर शोरी, पूर्व सरपंच पार्वती शोरी, मुन्ना सिंह, नरेंद्र जैन, घनश्याम शोरी, हृदय बघेल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन एवं स्वागत भाषण श्री हुमेश साहू, संयोजक कर्मचारी प्रकोष्ठ, जिला साहू समाज कांकेर द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विधायक महोदया के सहयोग और आशीर्वाद से आज समाज को एक सशक्त पहचान और बैठने का अपना स्थान मिला है। यह भवन केवल ईंट-पत्थर का ढाँचा नहीं बल्कि हमारी एकता और संगठन का प्रतीक है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुण साहू, अध्यक्ष तहसील साहू समाज दुर्गुकोंदल ने की। उन्होंने अपने संबोधन में विधायक महोदया को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भवन परिसर में टीन शेड निर्माण की माँग रखी। वहीं जनपद अध्यक्ष श्री गोपी बढ़ई ने परिसर में ट्यूबवेल एवं विद्युत सुविधा की व्यवस्था की माँग की। जिस पर उन्होंने तत्परता से ट्यूबवेल स्वीकृति की घोषणा की।मुख्य अतिथि विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा दुर्गुकोंदल में सभी समाजों के भवन एक ही परिसर में होना अत्यंत सकारात्मक पहल है। इससे क्षेत्र में सामाजिक सद्भाव, संगठन शक्ति और सांस्कृतिक गतिविधियों में एकरूपता आएगी। समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी पहचान है।समाज की मांग पर उन्होंने तहसील परिसर में 5 लाख रुपये की लागत से टीन शेड निर्माण की घोषणा की और कहा कि यह स्थान आगे चलकर सभी सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का केंद्र बनेगा। साथ ही उन्होंने समाजों को शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं के विकास और महिला शक्ति की भागीदारी पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।इस अवसर पर नरेंद्र यादव, बैजनाथ नरेटी, पार्वती शोरी, विजय पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने सामाजिक एकजुटता को समय की आवश्यकता बताते हुए समाज के विकास में निरंतर सक्रिय रहने की बात कही।कार्यक्रम में बोधन साहू, चुम्मन साहू, देवीलाल साहू, रामाधार साहू, ओमप्रकाश साहू, मेहतरू यादव सहित साहू एवं यादव समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा एवं वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन अतिथियों के प्रति आभार प्रदर्शन और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
दुर्गुकोंदल में पूरे दिन गौरव, उत्साह और सामुदायिक एकता का वातावरण बना रहा।


0 Comments