Cgvtv संवाददाता राम प्रताप सिंह की रिपोर्ट.....
बेलगहना/कोनचरा....जनपद पंचायत कोटा अंतर्गत ग्राम पंचायत कोनचरा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वर्षों से सार्वजनिक आस्था और परंपरा से जुड़े मुक्तिधाम पर किए गए अवैध कब्जे को पंचायत ने जेसीबी चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह सख्त कार्रवाई 08 फरवरी 2026, रविवार को की गई, जिसकी चर्चा पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में दिनभर होती रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कोनचरा के मुक्तिधाम की शासकीय भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण कर कब्जा जमाने की कोशिश की जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सरपंच श्रीमती संतोषी गनपत मरावी की अध्यक्षता में पंचायत की विशेष बैठक बुलाई गई। बैठक में पंचायती राज अधिनियम की धारा 56 के तहत अतिक्रमण हटाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
पंचायत ने नियमों का पालन करते हुए अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी कर एक माह का समय दिया था और समझाइश भी दी गई थी कि वे स्वयं कब्जा हटा लें। लेकिन तय समयसीमा बीतने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो पंचायत ने जेसीबी मशीन के जरिए अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया।
कार्रवाई के बाद मुक्तिधाम परिसर की सफाई कराई गई, सौंदर्यीकरण किया गया तथा आम नागरिकों के सुगम आवागमन के लिए रास्ते का निर्माण भी कराया गया, जिससे ग्रामीणों में संतोष देखा गया।
इस मौके पर सरपंच संतोषी मरावी ने दो टूक शब्दों में कहा—
“यह निर्णय पूरी तरह जनहित में लिया गया है। सार्वजनिक संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंचायत की कार्ययोजना पर सभी जनप्रतिनिधियों ने एकजुटता दिखाई है और आमजन को पंचायत के फैसलों का सम्मान करना चाहिए।”
उन्होंने ग्रामीणों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा—
“दाह संस्कार का कार्य अधिक से अधिक ग्राम के मुक्तिधाम में ही करें, ताकि इसकी पवित्रता और गरिमा बनी रहे।”
पंचायत की इस निर्णायक कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि अब सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा करने वालों की खैर नहीं। प्रशासन और पंचायत भविष्य में भी ऐसे मामलों पर सख्त रुख अपनाएगी, जिससे गांव की सार्वजनिक संपत्तियों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।



0 Comments