Ticker

6/recent/ticker-posts

सदी भर के इंतजार के बाद मिली अधूरी सड़क, बढ़ते हादसे और प्रभावित हो रहे विवाह — ग्रामीणों में गहरा आक्रोश, जल्द निर्माण के दावे


बिलासपुर / कोटा जनपद क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत पंडरा पथरा में सड़क की बदहाली वर्षों से ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बनी हुई है। सदी भर के लंबे इंतजार के बाद ग्रामीणों को सड़क की सौगात तो मिली, लेकिन वह भी आधी-अधूरी होने से लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। खराब और जर्जर सड़क के कारण जहां आए दिन हादसे हो रहे हैं, वहीं इसका असर अब गांव के सामाजिक जीवन पर भी पड़ने लगा है।


ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढों और कीचड़ से भरी इस सड़क पर आवागमन करना बेहद जोखिम भरा हो गया है। आए दिन बाइक सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं, जिससे लोगों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं। हाल के दिनों में कई ग्रामीण दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। 

ग्रामीणों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री अजित जोगी, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री तोखन साहू, विधायक अटल श्रीवास्तव तथा पूर्व विधायक रेणु जोगी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने समय-समय पर गांव पहुंचकर सड़क निर्माण के आश्वासन दिए, लेकिन धरातल पर अब तक पूर्ण रूप से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

सड़क की दुर्दशा अब केवल आवागमन की समस्या नहीं रह गई है, बल्कि इसका असर सामाजिक व्यवस्था पर भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि खराब सड़क के कारण बाहरी लोग गांव में आने से कतराने लगे हैं, जिससे गांव के युवक-युवतियों के विवाह संबंध तक प्रभावित हो रहे हैं। कई परिवारों को अपने बच्चों के रिश्ते तय करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों राजा प्रजापति, संजू यादव, सुनील यादव, और अनीस सहित अन्य लोगों ने शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से केवल आश्वासन ही मिलते रहे हैं, लेकिन ठोस कार्यवाही का अभाव बना हुआ है। 


रमेश नेताम ( पिंटू ) ने आरोप लगाया कि वर्षों से बड़े-बड़े दावे करने वाले जनप्रतिनिधियों के समक्ष 300 मीटर सड़क निर्माण की मांग रखी गई थी, लेकिन इसके बावजूद केवल 200 मीटर सड़क की ही स्वीकृति दी गई, जिससे लोगों में असंतोष और नाराजगी और अधिक बढ़ गई है।

गांव के प्रमुख नागरिक राजेश विग (बबलू ) ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़क की समस्या अब गांव की प्रतिष्ठा और भविष्य से जुड़ गई है। खराब मार्ग के कारण बाहरी लोग यहां अपने बच्चों के विवाह संबंध करने से बच रहे हैं, जिससे कई परिवार सामाजिक और मानसिक परेशानी झेल रहे हैं।

वहीं ग्राम पंचायत की सरपंच स्वेता मनोज ध्रुव ने बताया कि गांव की सड़क समस्या को प्राथमिकता में रखते हुए प्रयास लगातार जारी हैं। उन्होंने जानकारी दी कि मंडी बोर्ड से लगभग 200 मीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा शेष सड़क निर्माण के लिए भी प्रक्रिया जारी है।

इस संबंध में मंडी विभाग के इंजीनियर ने बताया कि ठेकेदार से चर्चा पूरी कर ली गई है और आगामी सप्ताह से निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की तैयारी की जा चुकी है।


इधर कांग्रेस जिला सचिव रामचंद्र गंधर्व ने कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने पूर्व में विधायक अटल श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा था। उनके हस्तक्षेप के बाद संबंधित इंजीनियर से चर्चा की गई है और विभाग द्वारा शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का आश्वासन दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments