निर्माणधीन एनएच 343 पर धसां डायवर्जन सड़क , ट्रक फंसने से लगा लंबा जाम
बलरामपुरः राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-343 पर बलरामपुर-राजपुर मार्ग के पस्ता थाना क्षेत्र में मंगवार तड़के बड़ा यातायात संकट उत्पन्न हो गया। पुलिया निर्माण कार्य के चलते बनाए गए डायवर्जन मार्ग का एक हिस्सा अचानक धंस जाने से एक ट्रक का पहिया गड्ढे में फंस गया। ट्रक के बीच सड़क पर फंस जाने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 3 बजे से ही ट्रक, ट्रेलर और अन्य बड़े मालवाहक वाहन जाम में फंसे हुए है। कई वाहन चालकों को घंटों तक सड़क पर इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पुलिया निर्माण के कारण वाहनों की आवाजाही सड़क से किनारे बने डायवर्जन मार्ग से कराई जा रही थी। इसी दौरान सड़क धंसने से यह स्थिति पैदा हुई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पस्ता पुलिस और पेट्रोलिंग टीम द्वारा निर्माण एजेंसी से जेसीबी मशीन मंगाकर सबसे पहले गड्ढे में फंसे ट्रक को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। ट्रेलर हटाने के बाद धंसी हुई सड़क को भरने का कार्य शुरू किया जाएगा, ताकि मार्ग को दोबारा सुरक्षित बनाया जा सके। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से शुरू कराई जाएगी।
फिलहाल समाचार लिखे जाने तक मौके पर राहत एवं मरम्मत कार्य जारी है और जाम को जल्द समाप्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

0 Comments