Ticker

6/recent/ticker-posts

*आदिवासी महिलाओं के हुनर और ग्रामीण उत्पादों को मिलेगी नई पहचान; स्वदेशी मेले में ‘संगम (गरिमा)’ की होगी सहभागिता*


 

*बेलगहना, 19 नवंबर 2026...ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, आदिवासी समुदायों के पारंपरिक उत्पादों के संरक्षण तथा स्थानीय संसाधनों पर आधारित आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में जन स्वास्थ्य सहयोग (JSS), गनियारी की पहल **‘गरिमा – ग्रामीण आत्मनिर्भर रोजगारी मंच’** के अंतर्गत संगम महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित, करहीकछार स्वदेशी मेले में अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय करेगी। साइंस कॉलेज, बिलासपुर में 20 से 26 नवंबर 2026 तक आयोजित इस सात दिवसीय मेले में ट्राइफेड (TRIFED – भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ) द्वारा समिति को स्टॉल उपलब्ध कराया जा रहा है।



जन स्वास्थ्य सहयोग पिछले लगभग 26 वर्षों से बिलासपुर एवं मुंगेली जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पोषण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में कार्यरत है। संस्था का मानना है कि बेहतर स्वास्थ्य और जीवन स्तर के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता, खाद्य एवं पोषण सुरक्षा तथा स्थानीय रोजगार के अवसरों का विकास भी आवश्यक है। इसी सोच के साथ संस्था ग्रामीण आजीविका और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रही है।


गरिमा के माध्यम से महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण कृषकों को स्थानीय संसाधनों पर आधारित उत्पादन, प्रसंस्करण, उद्यमिता एवं विपणन से जोड़ा जा रहा है। इसके अंतर्गत श्री अन्न (मिलेट), पारंपरिक अनाज, देशी दालें, मसाले, खाद्य तेल एवं पारंपरिक खाद्य उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। विशेष रूप से आदिवासी एवं वनांचल क्षेत्रों की महिलाओं के पारंपरिक ज्ञान, कौशल और स्थानीय संसाधनों को सम्मानजनक बाजार उपलब्ध कराना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।


गरिमा (संगम) का मानना है कि बदलती जीवनशैली के कारण प्रसंस्कृत (प्रोसेस्ड), मिलावटी एवं फास्ट फूड जैसे असंतुलित खाद्य पदार्थों का प्रचलन बढ़ रहा है। केवल स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी के भरोसे स्वस्थ जीवन की कल्पना करना पर्याप्त नहीं है; वास्तविक स्वास्थ्य की मजबूत नींव शुद्ध, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन में है। *खेत से पेट तक* रसायन-मुक्त खाद्य उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वस्थ मिट्टी, प्राकृतिक खेती और पारंपरिक खाद्य संस्कृति को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। इससे मानव सहित समस्त जीव-जगत के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और दीर्घकाल में बीमारियों एवं उपचार पर होने वाले खर्च को कम करने में मदद मिल सकती है।


TRIFED द्वारा स्टॉल उपलब्ध कराया जाना आदिवासी एवं ग्रामीण उत्पादकों को व्यापक बाजार से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को शहरी उपभोक्ताओं तक पहुँचाने, स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने तथा उनके प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलेगी। स्वदेशी मेले का उद्देश्य भी स्थानीय उत्पादों, कारीगरों और लघु उद्यमियों को प्रोत्साहन देना तथा रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर बढ़ाना है। गरिमा की सहभागिता ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की भावना को जमीनी स्तर पर साकार करने का एक सार्थक प्रयास है।


गरिमा की यह पहल केवल उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के श्रम और कौशल को सम्मानजनक पहचान दिलाने, आदिवासी एवं पारंपरिक खाद्य संस्कृति के संरक्षण, स्वस्थ भोजन और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

Post a Comment

0 Comments