Cgvtv संवाददाता राम प्रताप सिंह की रिपोर्ट......
बेलगहना। बेलगहना मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत बानाबेल में आयोजित सुशासन तिहार उस समय खास चर्चा का विषय बन गया, जब मंच के बीचोंबीच गौ सुरक्षा और गौ धाम निर्माण की मांग जोरदार तरीके से उठाई गई। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा सांसद माननीय श्री तोखन साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला कलेक्टर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इसी दौरान ग्राम पंचायत बेलगहना के गौ रक्षक एवं विश्व हिन्दू परिषद प्रखंड उपाध्यक्ष जय गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री को आवेदन सौंपते हुए बेलगहना में स्थायी गौ धाम निर्माण की मांग रखी। जय गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में लावारिस मवेशी सड़कों पर घूमते और बैठे रहते हैं, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई मवेशी अज्ञात वाहनों की चपेट में आकर घायल हो जाते हैं या अपनी जान गंवा देते हैं।
उन्होंने मंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि यदि बेलगहना में गौ धाम की व्यवस्था हो जाए तो क्षेत्र के सभी लावारिस मवेशियों को सुरक्षित रखा जा सकेगा और उनकी उचित देखभाल भी संभव होगी।
जय गुप्ता ने भावुक अंदाज में कहा कि
“हमारा एक ही उद्देश्य है — गौ माता को राष्ट्र माता का सम्मान मिले और उनकी सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित हो।”
कार्यक्रम में मौजूद गौ रक्षक दल और युवाओं ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए गौ संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताया। इस दौरान गोविंद यादव, अभिषेक अग्रहरि, वेदांत अग्रवाल, क्रिस यादव, विमल भाई करवा, आयुष अग्रवाल, सौम्य पांडेय, अर्जुन अग्रवाल, बापी जायसवाल, सुशांत तिवारी, महेश श्रीवास और अमन केशवानी सहित बड़ी संख्या में गौ सेवक उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार में उठी यह मांग अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। लोगों का कहना है कि यदि बेलगहना में गौ धाम बनता है तो इससे न केवल मवेशियों को सुरक्षा मिलेगी बल्कि सड़क हादसों में भी बड़ी कमी आएगी।



0 Comments