KCG पुलिस की बड़ी कार्रवाई: खैरागढ़ और छुईखदान में अवैध शराब बेचते 4 तस्कर गिरफ्तार, 63 हजार का माल जब्त
संवाददाता - मंदीप सिंह
स्थान - खैरागढ़
खैरागढ़ । जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने खैरागढ़ और छुईखदान थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 55 लीटर अवैध शराब, एक मोटरसाइकिल और नकदी सहित कुल 63,000 रुपये का मशरूका बरामद किया है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पहली बड़ी कार्रवाई खैरागढ़ के ग्राम बैहाटोला में हुई, जहां मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने प्रकाश राजपूत नामक व्यक्ति की किराना दुकान पर दबिश दी। आरोपी अपनी दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब बेच रहा था, जिसके कब्जे से 137 पौवा देशी शराब और बिक्री की रकम बरामद की गई। इसी गांव में एक अन्य कार्रवाई के दौरान चन्द्रकुमार वर्मा के घर की तलाशी ली गई, जहां प्लास्टिक के थैलों में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में देशी शराब और गोवा व्हिस्की जब्त की गई।
वहीं छुईखदान क्षेत्र के आमगांव रोड पर पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार दो तस्करों को दबोचा। आरोपी बाबूलाल जंघेल और हुकुम जंघेल स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर शराब की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने उनके पास से देशी शराब के साथ-साथ कीमती अंग्रेजी शराब भी जब्त की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में जुआ, सट्टा और अवैध शराब जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई में खैरागढ़, छुईखदान थाना और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही

0 Comments