Ticker

6/recent/ticker-posts

BALRAMPUR: मंत्री राम विचार नेताम की अध्यक्षता में जिला खनिज संस्थान न्यास समिति की बैठक संपन्न

 मंत्री राम विचार नेताम की अध्यक्षता में जिला खनिज संस्थान न्यास समिति की बैठक संपन्न

बलरामपुरः प्रदेश के अनुसूचित जनजाति विकास, कृषि एवं कृषक कल्याण, मत्स्य पालन, पशुपालन विभाग मंत्री रामविचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला खनिज संस्थान न्यास अंतर्गत शासी परिषद समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मंत्री रामविचार नेताम ने जिला खनिज संस्थान न्यास अंतर्गत कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए प्रगति पर बिंदुवार चर्चा की और अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने स्वीकृत कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये। बैठक में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, सामरी विधायक उद्देश्वरी पैंकरा, प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, वनमण्डलाधिकारी आलोक बाजपेई सहित समिति के सदस्यगण एवं संबंधित अधिकारी कर्मचारी गण उपस्थित थे।



कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने जिले में पर्यटन की अपार संभावनाओं को स्वरोजगार और स्थानीय रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले के पर्यटन स्थलों का योजनाबद्ध कार्ययोजना तैयार कर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समय की मांग के अनुरूप पर्यटन आधारित कौशल विकास प्रशिक्षण तैयार कर युवाओं को प्रशिक्षित किया जाए, ताकि वे गाइड, होम-स्टे, होटल एवं अन्य पर्यटन सेवाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें। मंत्री श्री नेताम ने कहा कि प्रशिक्षण तभी सार्थक होगा, जब उससे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ें तथा कोई भी प्रशिक्षित युवा बेरोजगार न रहे। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर उसका समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 जिला खनिज संस्थान न्यास अंतर्गत स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने उनकी प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले के विकास से जुड़े सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो। मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि विकास से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करते हुए स्वीकृत राशि का प्रभावी एवं उद्देश्यपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करें। मंत्री श्री नेताम ने कहा कि जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।


उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को भी पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ विकास कार्यों की निगरानी करें, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंच सके। बैठक में मंत्री श्री नेताम ने किसानों एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी सहकारी बैंकों में शेड और पर्याप्त बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि लोगों को बैंक परिसर में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।


सांसद चिंतामणि महाराज ने अपने संबोधन में अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर आमजनों को शासन की योजनाओं का लाभ देने को कहा। श्री महाराज ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से बेहतर कार्य करते हुए जनप्रतिनिधियों को भी क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराएं।


बैठक में जिला खनिज न्यास संस्थान अंतर्गत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने इस वित्तीय वर्ष हेतु कार्य योजना बनाने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने पिछले वर्ष के स्वीकृत कार्यों में कितने कार्य पूर्ण हए इसकी भी जानकारी ली।

बैठक में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिला खनिज संस्थान न्यास समिति से जुड़ी जानकारी के साथ वित्तीय वर्ष 2025-26 के महत्वपूर्ण कार्य एवं आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के कार्ययोजना के अनुमोदन तथा गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही जिला खनिज संस्थान न्यास अंतर्गत डीएमएफ अंतर्गत प्राप्ति एवं व्यय की राशि की जानकारी, डीएमएफ एवं महत्वपूर्ण कार्यों के संबंध में जानकारी दी। साथ ही बताया कि उच्च प्राथमिकता क्षेत्र अंतर्गत पेयजल आपूर्ति, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला व बाल विकास, कौशल विकास व आजीविका, स्वच्छता, कृषि, उद्यानिकी,पशुपालन के क्षेत्र में प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments