राजपुर में आमने-सामने की भीषण टक्कर, एक बुजुर्ग की मौत।
बलरामपुर जिले के राजपुर से प्रतापपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर बगाड़ी के पास दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ।
मृतक की पहचान दबगड़ी गांव निवासी 65 वर्षीय अशरफी कुशवाहा के रूप में हुई है, जो अपनी टीवीएस एक्सएल लूना (JH 14 G 7768) से किराने का सामान लेने राजपुर जा रहे थे। दूसरी मोटरसाइकिल (CG 30 C 1861) पर सवार सिंगचौरा गांव के रहने वाले अजय और राजेंद्र राजपुर से अपने गांव लौट रहे थे, तभी बगाड़ी के पास दोनों वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अशरफी कुशवाहा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

0 Comments