खेलेगा बलरामपुर प्रतियोगिता में महिलाओं ने दिखाया दम, उत्कृष्ट खिलाड़ी सम्मानित
बलरामपुर विकासखण्ड के स्वामी आत्मानंद स्कूल ग्राउंड में 'खेलेगा बलरामपुर, बढ़ेगा बलरामपुर' की थीम पर महिला खेल-कूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंची महिला प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का प्रदर्शन किया।
इस कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हिरामुनी निकुंज, रेडक्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य श्री कृष्णा गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा नेताम, कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, जनपद अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा, उपाध्यक्ष श्रीमती बबली देवी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री दिलीप सोनी, जनपद सदस्य श्रीमती अर्पणा दीक्षित, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष श्री भानु प्रकाश दीक्षित सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की, उनका हौसला बढ़ाया और स्वयं भी खेल स्पर्धाओं का हिस्सा बनकर उन्हें प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता के दौरान महिलाओं ने 100 एवं 200 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, खो-खो, रस्साकशी और कबड्डी जैसी स्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस आयोजन में खेलों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया, जिसके तहत सहभागी महिलाओं को एक-एक पौधा वितरित कर अपने घर या आसपास पौधारोपण और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने महिला खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण ही खिलाड़ी को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, शील्ड, मेडल और सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

0 Comments